ब्रेक के बाद इसी महीने से शुरू होगी कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने परिवर्तन यात्रा को लेकर कही बात
विकासनगर : लंबे ब्रेक के बाद उत्तराखंड कांग्रेस ने इसी महीने से परिवर्तन यात्रा का तीसरा चरण प्रारंभ करने का ऐलान कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि परिवर्तन यात्रा में जिस तरह जनसैलाब उमड़ रहा है, जिस तरह कांग्रेस को जनता का स्नेह और आशीर्वाद मिल रहा है, उससे यह साबित हो चुका है कि जनता परिवर्तन का मूड बना चुकी है। 2022 में हमारी सरकार आने जा रही है। हमारी सरकार आते ही हम देवस्थानम बोर्ड को निरस्त करने का कार्य करेंगे। आज महंगाई, बेरोजगारी और अन्य समस्याएं निरंतर बढ़ने से जनता त्रस्त है। जनता आज भाजपा का चाल-चरित्र और चेहरा पहचान चुकी है। गौरतलब है की खटीमा से परिवर्तन यात्रा का आगाज़ करने वाले कांग्रेस ने कुमाऊं मंडल के कई विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। वहीं गढ़वाल मंडल के हरिद्वार जनपद में परिवर्तन यात्रा का दूसरा चरण चलाया गया। जिसके बाद से ही यात्रा को कोई नई तिथि घोषित नहीं की गई थी। लेकिन अब नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने जल्द यात्रा के तीसरे चरण का शुभारंभ करने की बात कही है।