Friday, February 14, 2025
Latest:
उत्तराखंड

देहरादून में बदली बाज़ार की साप्ताहिक बंदी

देहरादून- कोरोनाकाल में लगातार बढ़ते संक्रमण की रोकथाम को लेकर स्थानीय बाजारों की साप्ताहिक बन्दी में जिला प्रशासन देहरादून ने बदलाव किया है। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों के अनुरोध पर अब डोईवाला में रविवार के स्थान पर बुधवार को तथा सहसपुर एवं सेलाकुई में शनिवार के स्थान पर बुधवार को साप्ताहिक बन्दी रहेगी। शेष अन्य स्थानों पर पूर्व आदेशों के अनुसार ही साप्ताहिक बन्दी रहेगी।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव के मुताबिक साप्ताहिक बन्दी दिवसों पर व्यापक सेनिटाईजेशन किया जाएगा। बन्दी दिवसों में सम्बन्धित स्थानीय बाजार एवं सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठान पूर्णतः बन्द रहेंगे। केवल आवश्यक सेवाएं दवाओं, फल-सब्जी की दुकानें, पैट्रोल पम्प एवं गैस एजेंसियां, डेयरी, टिफिन सर्विस, बैकरी, मिठाई की दुकानें, मीट-मछली की दुकानें( जिनके पास वैध लाईसेंस हों) ही खोली जा सकेंगी। बेकरी सुबह 7 बजे से रात्रि 8 बजे तक संचालित हो सकेंगी। साप्ताहिक बन्दी दिवस में वाहनों के आवागमन में छूट रहेगी।

इस दौरान निर्माण कार्य, औद्योगिक ईकाइयों से सम्बन्धित गतिविधियां संचालित हो सकेंगी। मॉर्निंग वॉक पर प्रतिबन्ध लागू नही होगा। आज नगर निगम देहरादून क्षेत्रान्तर्गत सभी वार्ड में डेंगू उन्मूलन अभियान चलाया गया। सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, मण्डियों, एटीएम, चिकित्सालयों, में फागिंग एवं सेनिटाइजेशन भी किया गया। नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र में डेंगू उन्मूलन अभियान चलाया गया।वहीं जिला प्रशासन की टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न पहनने पर कुल 36 व्यक्तियों के चालान किए है। ऋषिकेश में 4, तहसील सदर क्षेत्रान्तर्गत 32 व्यक्ति इनमें शामिल हैं। पुलिस टीम ने भी सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का उपयोग न करने पर 492 व्यक्तियों के चालान किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *