Saturday, May 11, 2024
Latest:
उत्तराखंड

ऋषिकेश विधानसभा में कांग्रेस ने शुरू किया सदस्यता अभियान, जानिए क्‍या बोले नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह

नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने आज विधानसभा ऋषिकेश में महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित “सदस्यता अभियान” की विधिवत शुरुआत वरिष्ठ कांग्रेस नेता मदन मोहन शर्मा की सदस्यता पर्ची भरवा कर की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि 2022 में कांग्रेस पार्टी की पूर्ण बहुमत के साथ विजय निश्चित है, जनता बीजेपी सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त आ चुकी है, सभी को एकजुट होकर सदस्यता अभियान को सफल बनाते हुए अधिक से अधिक संख्या में लोगों को कांग्रेस पार्टी से जोड़ना है।

प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस एक राजनीतिक दल नहीं, एक विचारधारा है, जो हर घर में विद्यमान है। देश की आजादी से लेकर देश के विकास के संघर्ष को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है। कांग्रेस ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में 20 हजार सदस्यता का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान ईमानदारी के साथ चलाने का आह्वान किया। कहा कि जमीनी स्तर पर प्रत्येक व्यक्ति को कांग्रेस की रीति और नीति से अवगत कराना होगा। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा में कांग्रेस को लगातार मिली हार के कारणों पर विश्लेषण करने की आवश्यकता है।

नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, और भ्रष्टाचार से त्रस्त आ चुकी है। ऐसे में पूरे देश की निगाहें अब कांग्रेस पर टिकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इस हताशा और निराशा के वातावरण को बदलना होगा। कांग्रेस की विकास परक सोच और सुशासन के संदेश को लेकर हम जनता के बीच में जाएंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता की समस्या का समाधान करेंगे।

उन्होंने कहा कि आज राजनीतिक हालात पूरी तरह से कांग्रेस के पक्ष में है। किसान, नौजवान और तीर्थ पुरोहित सड़क पर आ गए हैं, महंगाई चरम पर पहुंच गई है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस व लोकायुक्त लाने की बात करने वाली भाजपा आज मौन है। उन्होंने कहा कि इन सभी बिंदुओं को लेकर कांग्रेस आगामी चुनाव में जनता के बीच जाएगी और जीत का परचम लहराएगी। इस अवसर पर पूर्व काबीना मंत्री सूर्यवीर सिंह सजवाण, पूर्व दायित्व धारी राजेंद्र शाह, जिला अध्यक्ष गौरव चौधरी, प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, एआइसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष जय सिंह रावत आदि ने विचार व्यक्त किए। शैलेंद्र बिष्ट, विवेक तिवारी, मदन मोहन शर्मा, विजयपाल रावत, लल्लन राजभर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *