Sunday, May 5, 2024
Latest:
उत्तराखंड

कुमाऊं में एम्स की स्थापना का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया अनुरोध, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से की शिष्टाचार भेंट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने राज्य के कुमाऊं मण्डल में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना के लिए गृह मंत्रालय के स्तर से संस्तुति किये जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री से देहरादून में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान की स्थापना किये जाने और सामरिक महत्ता को देखते हुए टनकपुर-बागेश्वर ब्राडगेज रेल लाईन के लिये उनके स्तर से रेल मंत्रालय को संस्तुति करने का भी आग्रह किया।

*कुमाऊं मण्डल में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान*

मुख्यमंत्री ने कहा कि एम्स ऋषिकेश होने के पश्चात भी राज्य के पर्वतीय दूरदराज कुमाऊं मंडल के इलाके,  भौगोलिक दूरीहोने के कारण सुपरस्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित हैं। राज्य के कुमाऊ मंडल में एम्स की स्थापना करने से  कुमाऊं के नागरिकों के साथ ही उत्तर प्रदेश के निकटवर्ती जनपदों के लोगों को भी विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधायें उपलब्ध होगी।  एम्स के लिए भूमि उत्तराखंड राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। पूर्व में भी एक राज्य में दो एम्स जैसे विश्वस्तरीय संस्थान स्थापित किए गये हैं।

*देहरादून में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान की स्थापना*

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार से भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान की स्वीकृति का अनुरोध किया गया है। इसके लिये जनपद देहरादून में निःशुल्क भूमि की व्यवस्था कर ली गयी है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री से देहरादून में भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान की स्वीकृति के लिये संस्तुति किये जाने का अनुरोध किया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड के अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, स्थानिक आयुक्त डाॅ बी वी आर सी पुरुषोत्तम, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव डॉ पराग मधुकर धकाते भी उपस्थित थे।

वहीं टनकपुर-बागेश्वर ब्राडगेज रेल लाईन की संस्तुति के लिये मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से अनुरोध किया है। साथ ही जखोली, रुद्रप्रयाग में प्रस्तावित सैनिक स्कूल के अवस्थापना सुविधाओं के लिए केन्द्र से मिले वित्तीय सहायता को लेकर भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार मुलाकात के दौरान बात की है।

दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर रहे है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड में जल जीवन मिशन की संयुक्त समीक्षा करने की बात कही। वहीं लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना की भारत सरकार से जल्द मिलेगी 4673 करोङ की वित्तीय स्वीकृति, केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री ने आश्वासन दिया है। साथ ही किसाऊ परियोजना पर भी संबंधित राज्यों की होगी संयुक्त बैठक। जिसमें किसाऊ परियोजना का संशोधित एमओयू भी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *