Monday, April 29, 2024
Latest:
उत्तराखंड

त्रिवेंद्र सरकार की चौथी सालगिरह पर विधायकों को मिल सकता है तोहफ़ा, केंद्र से लौटे मुख्यमंत्री ने दिए जल्द मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत

केंद्रीय नेतृत्व से उत्तराखंड में मंत्रिमंडल के विस्तार को हरी झंडी मिल गई है। केंद्रीय नेताओं की सहमति के बाद अब मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत कभी भी कैबिनेट में खाली सीटों को भर सकते हैं। कैबिनेट विस्तार की कवायद में मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी संभव है। दिल्ली से देहरादून लौटे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कैबिनेट विस्तार की संभावना से इनकार नहीं किया है।

प्रदेश में लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार प्रस्तावित है। मंत्रिमंडल गठन के समय से ही मंत्रियों के दो पद खाली चल रहे थे। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के निधन के बाद मंत्रियों के खाली पदों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। भाजपा कोर कमेटी की बैठक में कैबिनेट विस्तार मुख्यमंत्री के विवेक पर छोड़ दिया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने कैबिनेट विस्तार की संभावना के संकेत दिए थे, लेकिन कैबिनेट विस्तार से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से चर्चा करने की बात कही थी। सोमवार को मुख्यमंत्री शाह से और मंगलवार को प्रधानमंत्री से भेंट की। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री को शीर्ष नेतृत्व से हरी झंडी मिल गई है। अगले महीने तक मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *