Sunday, September 27, 2026
Latest:
उत्तराखंड

नशे के खिलाफ लड़ाई में पंजाब के साथ मजबूती से खड़ी है भाजपा : मुख्यमंत्री धामी

*नशा मुक्त पंजाब यात्रा के तहत मुकेरियां में आयोजित विशाल रैली में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी*

*ट्रैक्टर पर सवार होकर रोड शो में लिया हिस्सा, बड़ी संख्या में उमड़े कार्यकर्ता और स्थानीय लोग*

*नशे की गिरफ्त से पंजाब के युवाओं को निकालना सबसे बड़ी प्राथमिकता: मुख्यमंत्री*

मुकेरियां (पंजाब)। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को होशियारपुर ग्रामीण के मुकेरियां में भारतीय जनता पार्टी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत आयोजित विशाल रैली में प्रतिभाग कर जनसभा को संबोधित किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ट्रैक्टर पर सवार होकर विशाल रोड शो में शामिल हुए। भाजपा की यह यात्रा 18 से 30 सितंबर तक पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों से होकर गुजरने के लिए आयोजित की गई है।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि पंजाब की जनता ने जिस भरोसे और उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपी थी, आज उस भरोसे के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है और इसका सबसे बड़ा नुकसान प्रदेश की युवा पीढ़ी और उनके परिवारों को उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद करता है। माता-पिता वर्षों तक अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मेहनत करते हैं, लेकिन जब कोई युवा नशे की गिरफ्त में फंसता है तो उसके साथ पूरे परिवार के सपने टूटते हैं। मुख्यमंत्री ने पंजाब के युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, रोजगार, खेल और राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नशे के खिलाफ लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर नशे के कारोबार के खिलाफ कठोर कार्रवाई, तस्करों और नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता एवं प्रभावी प्रयासों को गति देने की बात पार्टी कर रही है।

उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त पंजाब’ केवल एक राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि पंजाब की युवा पीढ़ी और आने वाले भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है। नशे के खिलाफ लड़ाई को जन-आंदोलन बनाकर समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री श्री सोम प्रकाश, विधायक श्री जंगी लाल महाजन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री संजीव मिन्हास सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *