कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बड़ी बैठक, उत्तराखंड में जमीन खरीदने वालों का सख्ती से होगा Background चेक: CM
शासकीय आवास पर कानून व्यवस्था से संबंधित विभिन्न विषयों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की है। इस दौरान प्रदेश में चल रही वेरिफिकेशन ड्राइव को और अधिक सख्ती से चलाने के निर्देश दिए गए।
प्रदेश में होने वाली कांवड़ यात्रा के कुशल प्रबंधन एवं संचालन के लिए अधिकारियों को विस्तृत कार्य योजना बनाने एवं सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उत्तराखण्ड में जमीन खरीदने वाले लोगों की पूरी तरह से बैकग्राउंड जांच करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों से कहा कि हमारा प्रदेश ‘देवभूमि’ है, यहां अपराध एवं अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। किसी भी विकासशील प्रदेश के लिए बेहतर कानून व्यवस्था अत्यंत महत्वपूर्ण है, हमारी सरकार राज्य में शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने हेतु कृत संकल्पित है।