क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव माहिम वर्मा समेत 07 पर मुकदमा दर्ज, क्रिकेटर आर्य सेठी के पिता ने रिश्वत मांगने और जान से मारने की धमकी देने पर पुलिस से की शिकायत
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड में गड़बड़झाला लगातार सुर्खियों में है। वहीं अब देहरादून के पुलिस कप्तान जन्मजेय खंडूड़ी के आदेश पर पुलिस ने सीएयू के सचिव माहिम वर्मा समेत सात पदाधिकारियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 120 बी यानी षडयंत्र करने, जबरन पैसे मांगने, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर किया है। इस मामले में वसंत विहार थाने में सीएयू के सचिव माहिम वर्मा, मनीष झा, पीयूष रघुवंशी, नवनीत मिश्रा, सत्यम शर्मा, संजय गुसाईं, पारूल के खिलाफ केस दर्ज किया है। 20 जून की देर रात्रि को यह मुकदमा दर्ज किया गया।
गौरतलब है कि प्रदेश के प्रतिभावान क्रिकेट खिलाड़ी आर्य सेठी विजय हजारे और उत्तराखंड की टीम में सदस्य रहा है। उसके पिता रवि सेठी के मुताबिक माहिम ने उसे टीम में खिलाने के बदले में 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगी और न देने पर उसे 29 मैच बाहर बिठाए रखा गया। उत्तराखंड प्रदेश में क्रिकेट लंबे समय से विवादों में चल रहा है। सीएयू पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं और खिलाडियों के हकों पर डाका डालने और पैसे लेकर टीम में शामिल करने का गंभीर आरोप हैं। ऐसे में अब बसंत विहार थाने में CAU पदाधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद उम्मीद की जा सकती है कि जल्द ही सभी शिकायतों और जालसाजी का पर्दाफाश होगा।
